प्रयागराज। भारत माता की जय और वंदेमातरम के उद्घोष के साथ शनिवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को उनके शहीद स्थल पर नमन किया। यहां कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के 16 परिवारीजनों का सम्मान किया। इसके साथ नौ गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी करने के साथ चार बालिकाओं को निश्शुल्क स्कूल किट भी दी गई।
गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम में शामिल हुईं स्मृति ईरानी : गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म के दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि जो माताएं गर्भवती हैं, उनकी कोख में बेटी हो तो लक्ष्मी बाई जैसी, बेटा हो तो भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद जैसा। उन्होंने खुशी जताई कि इस मंच पर तिरंगे की छांव में चार पीढ़ियां मौजूद हैं। ऐसे भारत का वंदन है, अभिनंदन है। यह संकल्प की भूमि है। आज हम सब को शपथ लेना चाहिए कि आने वाले 25 साल में स्वर्णिम भारत बनाएंगे। इसके लिए हर घर तिरंगा अभियान को सूत्र रूप में प्रयोग कर आगे बढ़ना होगा। बोलीं किअमृत महोत्सव में हर घर पर तिरंगा लगना चाहिए।
इनकी हुई गोदभराई : गीतांजलि, रचना विश्वकर्मा, ललिता भारती, नवरतन तिवारी, श्यामा दीप, प्रीति, काजल साहू, काजल, इति यादव का गोदभराई हुई।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और उनके परिवार के इनका हुआ सम्मान : स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मक्सूद उल्ला का सम्मान किया गया। अन्य सेनानियों के परिवार वालों में जो मौजूद रहे उनमें गंगा शुक्ला, जाहिदा बेगम, मलखा देवी, राजनाथ मीचू, पंकज सिंह, हसिसेन, राम रति, राजकुमार केशरवानी, ताजीन अफजल, सिद्दीक अहमद, प्रेम लता शामिल रहीं।