नई दिल्ली। बाहरी जिला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात बदमाश आशीष बक्करवाला उर्फ ‘डॉन’ (26) को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आशीष कुख्यात वाहन चोर मनोज बक्करवाला का बेटा बताया जा रहा है और उस पर संगठित अपराध में शामिल होने के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह हिमांशु भाऊ गैंग का सक्रिय सदस्य है और उसके खिलाफ करीब दस आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने बिछाया जाल

पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि बाहरी जिला पुलिस लगातार बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान 30 मई की रात करीब 10:15 बजे सूचना मिली कि आशीष उर्फ डॉन यूईआर-2 अंडरपास के पास अपने एक साथी से मिलने आने वाला है।

सूचना मिलते ही निरीक्षक रोहित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी।

मुठभेड़ के दौरान फायरिंग

रात करीब 11:30 बजे जब आशीष मौके पर पहुंचा तो पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया। लेकिन उसने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान बदमाश द्वारा चलाई गई एक गोली हवलदार अजय की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर आरोपी को काबू में कर लिया।

हथियार बरामद, कई मामलों में वांछित

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो खाली खोखे बरामद किए हैं।

जांच में सामने आया कि आशीष न केवल वाहन चोर मनोज बक्करवाला का बेटा है, बल्कि वह हिमांशु भाऊ गैंग के लिए कई आपराधिक वारदातों को अंजाम देता था। वह रणहौला, मुंडका, कंझावला और छावला जैसे क्षेत्रों में हुई गोलीबारी, मारपीट और डकैती के मामलों में वांछित था।