उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई में बेतवा आइस एंड कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण के दौरान हुए विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। एसडीएम रिंकू सिंह राही और ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन के बीच हुई कहासुनी का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद विवाद और अधिक बढ़ गया है।
ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर एसडीएम पर अभद्रता, धक्का-मुक्की करने और थप्पड़ मारने की कोशिश करने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी वीडियो भी मीडिया के सामने जारी किया है, जिसमें दोनों के बीच बहस और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति दिखाई दे रही है।
यह घटना 23 जून की बताई जा रही है, जब एसडीएम रिंकू सिंह राही कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। ब्लॉक प्रमुख का आरोप है कि निरीक्षण के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और थप्पड़ मारने का प्रयास भी किया गया।
करीब चार मिनट 27 सेकंड के वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज में दोनों के बीच तीखी बहस साफ देखी जा सकती है। वीडियो में एसडीएम को कोल्ड स्टोरेज का ताला खोलने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की बात कहते सुना जा सकता है, जबकि ब्लॉक प्रमुख मोबाइल से पूरी घटना की रिकॉर्डिंग करते नजर आते हैं। इसी दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो जाती है और मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान दस्तावेज उपलब्ध न कराए जाने और दरवाजा न खोले जाने से एसडीएम नाराज हो गए थे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
वहीं, इस मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने एडीएम वित्त एवं राजस्व राजीव राज की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की है, जो पूरे घटनाक्रम की जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी।
उधर, एसडीएम रिंकू सिंह राही का कहना है कि मामले को गलत तरीके से पेश कर जांच को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि सच्चाई जांच के बाद सामने आएगी।