तीर्थराज प्रयागराज में माघ मेले के दौरान किन्नर अखाड़े ने अपनी उपस्थिति और ताकत का फिर से प्रदर्शन किया। वर्ष 2016 के उज्जैन सिंहस्थ कुंभ के बाद से स्थापित यह अखाड़ा, शुक्रवार को आचार्य महामंडलेश्वर प्रो. (डॉ.) स्वामी लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी के नेतृत्व में और भी सुदृढ़ हुआ। इस अवसर पर सात महामंडलेश्वर, छह श्रीमहंत, 11 महंत और 21 कंठी चेले विधि-विधान के साथ पदोन्नत किए गए।

ओल्ड जीटी रोड, सेक्टर 6 स्थित किन्नर अखाड़ा शिविर में आयोजित कार्यक्रम में आचार्य महामंडलेश्वर ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनके दायित्व सौंपे और कंठी चेले को कंठी माला पहनाई। इससे पहले सभी नए पदाधिकारियों का त्रिवेणी संगम पर पिंडदान, विर्जादान और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए।

सनातन धर्म का प्रचार रहे केंद्र

स्वामी लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कहा कि अखाड़ा केवल धार्मिक और सामाजिक कार्यों के लिए है और सदस्य रील बनाने जैसी गतिविधियों से दूर रहें। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और अखाड़े के मूल उद्देश्य को पूरी निष्ठा के साथ निभाएं। आगामी कुंभ मेलों—हरिद्वार, उज्जैन और नासिक—में किन्नर अखाड़ा सक्रिय भागीदारी करेगा।

प्रदेशवार पदाधिकारी नियुक्त

  • उत्तर प्रदेश: महामंडलेश्वर स्वामी कल्याणी नंद गिरि (अध्यक्ष), महामंडलेश्वर स्वामी कन्केश्वरी नंद गिरि (सचिव)

  • झारखंड: महामंडलेश्वर स्वामी राजेश्वरीनंद गिरि (अध्यक्ष), महामंडलेश्वर स्वामी अमरजीत नंद गिरि (सचिव)

  • पंजाब: महामंडलेश्वर स्वामी वामदेव नंद गिरि (अध्यक्ष)

  • ओडिशा: महामंडलेश्वर स्वामी मीरानंद गिरि (अध्यक्ष), महामंडलेश्वर स्वामी देवांशी नंद गिरि (सचिव)

वैष्णव अखाड़ा (किन्नर अखाड़ा) के महामंडलेश्वर पद पर स्वामी देवांशी नंद गिरि को नियुक्त किया गया।

नव नियुक्त महामंडलेश्वर और महंत

प्रतापगढ़ (यूपी) की पारोनंद गिरि, महाराष्ट्र की नेहानंद गिरि, ओडिशा की देवांशी नंद गिरि (रक्षानंद गिरि), रांची के अमरजीत नंद गिरि, दिल्ली के शालूनंद गिरि और जबलपुर की साक्षीनंद गिरि को महामंडलेश्वर की उपाधि दी गई। इसके अतिरिक्त 21 कंठी चेले और 11 महंत भी नियुक्त किए गए, जिनमें राधिकानंद गिरि, किंजल, कामाक्षी नंद गिरि, सुनील नंद गिरि और शुभम नंद गिरि प्रमुख रूप से शामिल हैं।

कार्यक्रम में जगद्गुरु स्वामी कुलशेखराचार्य महाराज, महंत दुर्गादास महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी पूजानंद गिरि, महामंडलेश्वर स्वामी भाविकानंद गिरि, समाजसेवी राम प्रकाश यादव, रिंकू सिंह, मुन्ना मौर्या सहित अनेक संत और श्रद्धालु उपस्थित रहे।