लखनऊ में शुक्रवार को रमजान के 30वें दिन ईद का चांद नजर आने की पुष्टि हो गई है। इसके साथ ही शनिवार को ईद-उल-फितर मनाने का ऐलान कर दिया गया।
शहर की ईदगाह ऐशबाग समेत सभी मस्जिदों में तैयारियां पूरी तेजी के साथ शुरू हो गई हैं।
इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद ने बताया कि 29 रमजान को चांद नहीं दिखा था, इसलिए शुक्रवार को इसकी पुष्टि की गई। उन्होंने मुस्लिम भाइयों और बहनों से अपील की है कि नमाज सिर्फ निर्धारित जगहों पर ही अदा करें और जारी की गई सुरक्षा तथा सामाजिक दूरी संबंधी गाइडलाइन का पालन करें। मौलाना खालिद रशीद ने स्पष्ट किया कि सड़क पर नमाज अदा करना उचित नहीं होगा।