लखनऊ के ठाकुरगंज के जरनैलगंज स्थित दारुल उलूम मदरसे में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। मदरसे में मौजूद करीब 150 बच्चों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दमकल विभाग ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सूत्रों के अनुसार, मदरसे की पहली मंजिल पर बने एक कमरे से दोपहर करीब 12 बजे धुआं और आग की लपटें उठती देखी गईं। इसके बाद मदरसे में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे भाग कर बाहर आए।
मदरसे संचालक ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। एफएसओ चौक की टीम मौके पर पहुंची और दो दमकल गाड़ियों के साथ आग पर नियंत्रण के लिए कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों ने एक घंटे में आग को नियंत्रित किया, जबकि पूरी तरह बुझाने में लगभग दो घंटे का समय लगा।
एफएसओ ने बताया कि आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है। घटना में कमरे में रखे चार तख्त, बिस्तर और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए।