लखनऊ में अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल और पुलिस के बीच जोरदार टकराव देखने को मिला। पल्लवी पटेल UGC इक्विटी रेगुलेशन 2026 के समर्थन में पैदल मार्च निकाल रही थीं, जो आईटीएम चौराहे से शुरू होकर विधानसभा तक जाना था।
मार्च रिजर्व पुलिस लाइन के पास पहुंचा तो पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया और बैरिकेडिंग लगा दी। जब पल्लवी पटेल बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश करने लगीं, तो पुलिस ने उन्हें रोका और इस दौरान दोनों पक्षों में झड़प हो गई। इसके बाद पल्लवी सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं।
पल्लवी ने कहा- आम जनता के लिए आंदोलन
विधायक ने कहा कि उनका प्रदर्शन किसी राजनीतिक दांव-पेंच के लिए नहीं बल्कि आम जनता के हित में है। उनका कहना था कि UGC इक्विटी रेगुलेशन 2026 सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश और संसदीय समिति की सिफारिश के बाद लाया गया था, लेकिन समाज के एक वर्ग के विरोध पर इसे रोक क्यों लगाया गया।
पल्लवी ने सवाल उठाया कि समानता को बढ़ावा देने वाला यह कानून क्यों बाधित किया गया, जबकि अन्य बड़े कानून जैसे GST, नोटबंदी और धारा-370 में खामियों के बावजूद उन्हें लागू किया गया। उनका कहना था कि विश्वविद्यालयों में इस रेगुलेशन को लागू होना चाहिए।
पुलिस ने कई घंटे समझाने की कोशिश की
पल्लवी पटेल सड़क पर बैठी रहीं और पुलिस उन्हें हटाने में नाकाम रही। इसके बाद पुलिस ने उनके कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और बाद में पल्लवी पटेल सहित कई लोगों को ईको गार्डन भेजा। इस दौरान आईटीएम चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रभावित रहा और भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
आंदोलन जारी रहने की चेतावनी
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने सरकार पर उनकी मांगों को अनसुना करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि जब तक UGC इक्विटी रेगुलेशन लागू नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।