मथुरा। श्रीहित हरिवंश चंद्र महाप्रभु की जन्मस्थली बाद गांव स्थित ऐतिहासिक श्रीकृष्ण सरोवर में हाल ही में हुई बारिश के बाद बड़ी संख्या में मछलियों की मौत से स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश फैल गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरोवर में मौजूद अन्य जलीय जीव भी प्रभावित हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के बाद सरोवर में रह रही मछलियां असामान्य रूप से मरने लगी हैं। बृहस्पतिवार को जब ग्रामीणों ने स्थिति का निरीक्षण किया तो बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां देखी गईं, जिसके बाद उन्होंने मौके पर विरोध जताया और जांच की मांग उठाई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्राचीन सरोवर में पहले से ही सैकड़ों मछलियां मौजूद थीं, लेकिन हाल के दिनों में लगातार हो रही मौतों ने जलाशय की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने इसे लापरवाही और प्रदूषण का परिणाम बताया है।
गांव के लोगों का आरोप है कि अडींग नहर से आने वाला पानी खेतों के रास्ते सरोवर में पहुंचता है, जिसके साथ आसपास के क्षेत्रों का गंदा पानी भी इसमें मिल जाता है। ग्रामीण दिनेश सिंह तरकर ने कहा कि इसी कारण जल प्रदूषण बढ़ा है और मछलियों की मौत हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सरोवर की तत्काल सफाई कराई जाए और मछलियों की मौत के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।