देहरादून में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक संदिग्ध हैंडलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान तालीबानी विक्रांत कश्यप के रूप में हुई है। बताया गया कि वह लंबे समय से देहरादून में रह रहा था और यहां एक कार वर्कशॉप में काम करता था।
आईएसआई एजेंट से संपर्क में था आरोपी
जांच में सामने आया है कि विक्रांत कश्यप पाकिस्तान के आईएसआई एजेंट शहजाद भट्टी के संपर्क में था। पुलिस के मुताबिक वह सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से कट्टरपंथी संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ के विचारों का प्रचार-प्रसार भी कर रहा था।
फिलहाल एसटीएफ मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी के संपर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।