मथुरा। नगर पंचायत नंदगांव के पूर्व अध्यक्ष पद के उम्मीदवार और भाजपा नेता दान बिहारी चौधरी उर्फ दानो पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे उनके घर में हिंसक हमला हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। हमलावरों ने दिवाका थोक स्थित उनके आवास में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और फायरिंग की। घटना में एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

दान बिहारी चौधरी ने बताया कि हमलावरों के पास लाठियां, डंडे और कुल्हाड़ियां थीं। उन्होंने घर में मौजूद महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा। हमले के दौरान दान बिहारी की नई कार सहित कुल तीन वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, दान बिहारी चौधरी प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के करीबी समर्थक माने जाते हैं। उन्होंने हमले के लिए नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर दी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।