मेरठ के एमआईईटी कॉलेज में बुधवार सुबह छात्रों के दो गुटों में जमकर संघर्ष हो गया। इस दौरान चाकू से भी हमला किया गया जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी मौत हो गई।
मेरठ-बागपत बाइपास स्थित एमआईईटी कॉलेज में छात्रों के दो गुटों में हुए झगडे़ में बुधवार को इंजीनियरिंग के छात्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक छात्र पर आरोपी छात्रों ने 20 से भी ज्यादा वार किए। काफी देर चले इस खूनी खेल में मृतक छात्र को कोई भी बचाने नहीं आया। बताया गया कि इससे पहले मृतक छात्र को कॉलेज में दौड़ाकर कर पीटा गया। घटना के बाद कॉलेज में पुलिस तैनात कर दी गई है।
बागपत के गांव शिकेहपुर थाना बड़ौत निवासी निखिल चौधरी उम्र 23 मेरठ बागपत बाइपास स्थित एमआईईटी कॉलेज में बीटेक मैकेनिकल द्वितीय वर्ष में कॉलेज के ही हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया गया है कि छात्र निखिल का एक माह पूर्व भी कॉलेज के अन्य छात्रों से विवाद हुआ था।
मंगलवार को भी कॉलेज के प्रथम वर्ष के छात्र अभिषेक से निखिल का विवाद हुआ था। इस विवाद को कुछ छात्रों ने बीच-बचाव कर दिया था। लेकिन इसके बाद दोनों गुटो के छात्रों को मोबाइल पर जमकर कहासुनी हुई थी। जिसमें एक-दूसरे को भुगत लेने की धमकी दी गई।
बुधवार को कॉलेज में निखिल क्लास में था। तभी वहां आरोपी अभिषेक अपने साथियों के साथ पहुंचा। अभिषेक को देखते ही निखिल क्लास रूम निकल कर भाग लिया। इसी दौरान आरोपियों ने निखिल को पकड़कर उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इसके बाद लाईब्रेरी के पास निखिल के सीने, गर्दन शरीर के अन्य भागों पर बीस से भी ज्यादा बार चाकू से वार कर डाले। चाकू से हमला होते ही निखिल जमीन पर गिर पड़ा।
निखिल को मरा जान कर आरोपी मौके से भाग निकले। आरोपियों के जाने के बाद अन्य छात्रों ने निखिल को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार छात्रों को हिरासत में लिया है।
एसपी देहता केशव कुमार का कहना है छात्रों में वर्चस्व को लेकर हत्या करने की बात सामने आई है। मुख्य आरोपी अभिषेक शर्मा समेत चार को गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है।
हत्या की सूचना पर परिजनों मे मचा कोहराम
मृतक निखिल पुत्र पुष्पेन्द्र उर्फ पप्पू निवासी जनपद बागपत, गांव शिकोहपुर का रहने वाला था। निखिल पिछले दो साल से मेरठ में रहकर ही पढ़ाई कर रहा था। वह बीटेक सेकंड ईयर का छात्र था। मृतक दो भाई और एक बहन थे।
मृतक का भाई मुकुल गांव में रहकर खेती करता है, जबकि बहन शिवानी बीए में पढ़ रही है। मां का नाम रेखा है। निखिल की हत्या की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर सभी मेरठ रवाना हो गए। गांव में निखिल के पड़ोसियों ने बताया कि निखिल काफी व्यवहार कुशल था और वह बीच बीच में गांव में आता रहता था।