मेरठ: पल्हेड़ा गांव में शुक्रवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, टीकाराम कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय आरती की शादी कुछ समय पहले पल्हेड़ा गांव निवासी अंकुश से हुई थी। शुक्रवार सुबह आरती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के भीतर फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच की और शव को मोर्चरी भिजवाया।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि आरती को उसके पति अंकुश, सास उषा देवी, ससुर बबलू, ननद, नंदोई और देवर अभिषेक द्वारा लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों के अनुसार, परिवार में तनाव तब और बढ़ गया जब आरती की छोटी बहन नेहा ने 20 मई को उसके देवर अभिषेक से कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसके बाद से ससुराल पक्ष नाराज चल रहा था और घर में लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
परिजनों का यह भी कहना है कि पिछले चार दिनों से आरती के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था। शुक्रवार सुबह आरती ने अपनी मां सुनीता से फोन पर बात कर घर में हो रहे झगड़े की जानकारी दी थी। कुछ ही देर बाद ससुराल पक्ष ने फोन कर बताया कि आरती ने फांसी लगाकर जान दे दी है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।