मेरठ के आबूलेन इलाके में स्थित रघुनंदन ज्वेलर्स में बुधवार को एक करोड़ रुपये के आभूषणों के ठगी का मामला सामने आया। घटना के बाद दुकान और आसपास हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस भी पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि कृष्णा नामक व्यक्ति ने दोपहर लगभग एक बजे ज्वेलर्स को व्हाट्सएप कॉल किया और बताया कि वह करीब एक करोड़ रुपए के आभूषण खरीदना चाहता है। कृष्णा ने कहा कि उसका भतीजा दुकान पर आ रहा है।
करीब 20 मिनट बाद एक युवक शोरूम पहुंचा और खुद को कृष्णा का भतीजा बताकर गले का हार, अंगूठी और बुंदे समेत लगभग 600 ग्राम सोने के आभूषण चुने। ज्वेलर्स के स्टाफ ने ऑनलाइन पेमेंट के लिए कृष्णा से संपर्क किया।
कृष्णा ने बताया कि फिलहाल वह ऑनलाइन पेमेंट नहीं कर सकता, कुछ समय बाद नकद भेज देगा और फिर ऑनलाइन पेमेंट कर देगा। इसके कुछ देर बाद चार लोग शोरूम पहुंचे, जिनमें से दो मेरठ के सदर बाजार और दो मुजफ्फरपुर, बिहार के बताए गए। उन्होंने आभूषणों का भुगतान किया और फिर कृष्णा के कथित भतीजे को आभूषण ले जाने दिया।
आभूषण लेने के बाद चारों व्यक्ति पेमेंट वापस लेने के लिए हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि उनका कृष्णा या उसके भतीजे से कोई संबंध नहीं है। ज्वेलर्स ने बताया कि उन्होंने आभूषण के बदले पैसे स्वीकार कर लिए हैं।
विजय आनंद ने कहा कि संभवतः चारों लोग भी इस ठगी का शिकार बने हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।