चंडीगढ़। सेक्टर-9 में बुधवार दोपहर प्रॉपर्टी डीलर प्रीत नागरा उर्फ चीनी नागरा (31) की गोली मारकर हत्या के मामले में पंजाब एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है।

एजीटीएफ की टीम ने हरियाणा के कैथल से दो शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शूटरों की पहचान राजन उर्फ पीयूष पहलवान और प्रीतम के तौर पर हुई है। पीयूष फिरोजपुर का रहने वाला है, जबकि प्रीतम नवांशहर का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ में नागरा की हत्या के कुछ देर बाद सोशल मीडिया पर बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर लक्की पटियाल के नाम से एक पोस्ट वायरल हुई थी। इस पोस्ट में हत्या की जिम्मेदारी ली गई और आरोप लगाया गया कि नागरा ने विरोधियों को सूचना दी थी।

पुलिस और एजीटीएफ दोनों अब मामले की गहन जांच कर रहे हैं और अन्य संभावित सहयोगियों को पकड़ने के लिए भी कार्रवाई तेज कर दी गई है।