दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र स्थित महामाया मार्केट के महारानी गोदाम में शुक्रवार दोपहर एक होलसेल ज्वेलर्स की दुकान में दिनदहाड़े लूट की घटना हुई।
सूत्रों के मुताबिक, बाइक सवार दो बदमाश अचानक दुकान में दाखिल हुए और बड़ी ही चालाकी से कीमती गहने लूटकर फरार हो गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे ने पूरी वारदात कैद कर ली, जिसके आधार पर पुलिस अब अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुट गई है।
दुकानदार मनोज कुमार साह ने बताया कि बदमाश अचानक आए और लूटपाट कर भाग गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में लगभग दो करोड़ रुपये से अधिक के गहनों की चोरी की गई है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। नगर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए शहर में सघन छापेमारी और नाकाबंदी अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही वाहन चेकिंग बढ़ा दी गई है ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।