मेरठ के माधवपुरम क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर और टूर एंड ट्रेवल्स कार्यालय पर फायरिंग की वारदात में शामिल मुख्य आरोपी अंकित भारद्वाज उर्फ गुड्डू पंडित को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान हुई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गाड़ी की बरामदगी के दौरान मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, बुधवार तड़के नूरनगर कट के पास उस समय मुठभेड़ हुई जब पुलिस टीम घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी की बरामदगी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी अंकित भारद्वाज ने कार के डैशबोर्ड से तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया और मौके पर ही उसे पकड़ लिया गया।

कार्यालयों पर फायरिंग की थी घटना

क्षेत्राधिकारी ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना के अनुसार, 16 मई को माधवपुरम सेक्टर-1 स्थित ओम प्रॉपर्टी और महादेव प्रॉपर्टी टूर एंड ट्रेवल्स के कार्यालयों पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी, जिससे कार्यालयों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए थे।

शिकायतकर्ता मनोज कुमार गोयल की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में सफेद रंग की टाटा हैरियर गाड़ी की पहचान की गई, जिसके बाद जांच में अंकित भारद्वाज, नितिन राणा और चीकू के नाम सामने आए।

हथियार और वाहन बरामद

गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में इस्तेमाल टाटा हैरियर कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, अंकित भारद्वाज एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ मेरठ और मुजफ्फरनगर के विभिन्न थानों में हत्या, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब दस गंभीर मामले दर्ज हैं।