बरेली जिले के आंवला क्षेत्र में ओवरलोड डम्पर ट्रकों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान शुक्रवार को एक चालक ने पुलिस और एआरटीओ प्रवर्तन टीम की कार्रवाई का विरोध करते हुए वाहन से टक्कर मारने की कोशिश कर दी। बैरिकेडिंग तोड़कर डम्पर चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने वाहन और उसके हेल्पर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना में कई पुलिसकर्मी और राहगीर बाल-बाल बच गए।

चेकिंग के दौरान मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, यातायात और एआरटीओ प्रवर्तन की संयुक्त टीम आंवला क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान वजीरगंज इलाके में एक संदिग्ध ओवरलोड डम्पर को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय तेज गति से वाहन भगा दिया।

टीम ने पीछा किया तो चालक ने कथित तौर पर पुलिस वाहन को साइड मारने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

बैरिकेडिंग तोड़ता हुआ भागा डम्पर

सूचना मिलने पर एआरटीओ प्रवर्तन हरिओम सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी कर डम्पर को रोकने की कोशिश की। रेहड़िया चौकी पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को भी चालक ने जोरदार टक्कर मारते हुए तोड़ दिया और आगे घसीटता हुआ निकल गया।

इस दौरान मौजूद पुलिसकर्मी और राहगीर किसी तरह अपनी जान बचाकर सुरक्षित हट गए।

चालक फरार, हेल्पर हिरासत में

बताया जा रहा है कि चालक डम्पर को सैदपुर और वगरैन-करेगी मार्ग की ओर लेकर भागा। पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर वह वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने डम्पर को कब्जे में लेते हुए उसके हेल्पर को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ की जा रही है।

कई वाहनों को टक्कर मारने का प्रयास

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फरार चालक ने रास्ते में अन्य वाहनों को भी टक्कर मारने की कोशिश की, हालांकि किसी प्रकार की बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।

थाना प्रभारी सुरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि चालक फरार है और उसकी तलाश जारी है। वहीं एआरटीओ प्रवर्तन ने कहा कि मामला आंवला थाना क्षेत्र का है, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई वहीं से की जाएगी।