प्रयागराज: स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) में चल रही जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल शुक्रवार को तीसरे दिन समाप्त हो गई। हड़ताल खत्म होने के बाद अस्पताल की इमरजेंसी सेवाएं फिर से शुरू कर दी गई हैं, जबकि ओपीडी सेवाएं शनिवार से तय समय के अनुसार संचालित की जाएंगी।

यह हड़ताल उस घटना के बाद शुरू हुई थी, जब मरीज के तीमारदारों और जूनियर डॉक्टरों के बीच मारपीट हो गई थी। इसके विरोध में जूनियर डॉक्टरों ने कामकाज बंद कर दिया था, जिससे पूरे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गईं और मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

तीन दिनों तक अस्पताल में न तो ओपीडी चल सकी और न ही इमरजेंसी सेवाएं सुचारू रूप से काम कर पाईं। हालांकि वरिष्ठ डॉक्टर अपने-अपने कक्षों में मौजूद रहे, लेकिन पर्चा न बनने की वजह से मरीजों का इलाज प्रभावित रहा और वे डॉक्टरों तक नहीं पहुंच सके।

ओपीडी बंद रहने के कारण रोजाना आने वाले हजारों मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ा। इसका असर यह हुआ कि कॉल्विन और बेली अस्पतालों में मरीजों की भीड़ सामान्य से काफी अधिक बढ़ गई।