मेरठ। सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि इस बार सरधना सीट पर सपा की स्थिति और कमजोर होगी। उन्होंने कहा कि वह लगातार दो बार सरधना से चुनाव जीते थे और तीसरी बार हार का सामना करना पड़ा, लेकिन आने वाले चुनाव में सपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहेगा।

रविवार को सकौती स्थित एक फार्म हाउस में माता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे संगीत सोम ने विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखी। कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी हरपाल सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।


संगीत सोम ने कहा कि भाजपा महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा तथा सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि किसी भी नेता या व्यक्ति की बेटी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी निंदनीय है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष को महिलाओं के सम्मान पर राजनीति करने के बजाय अपने निर्णयों पर भी आत्ममंथन करना चाहिए।

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार की आलोचना की और दावा किया कि उस दौरान प्रदेश में कई दंगे हुए, जबकि वर्तमान सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत करने का काम किया है।

इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए संगीत सोम ने कहा कि देश के महापुरुषों और वीर योद्धाओं के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने सुझाव दिया कि इतिहास से जुड़े विषयों को अधिक प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाए, ताकि युवाओं को देश के गौरवशाली अतीत की सही जानकारी मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में मेधावी छात्राओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।