मुरादाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देते हुए कुल 365.50 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में वॉर मेमोरियल, श्रीराम वाटिका और स्पोर्ट्स पार्क जैसी प्रमुख सुविधाएं शामिल हैं, जिन्हें जनसामान्य को समर्पित किया गया।

कार्यक्रम से पहले बुद्ध विहार फेज-2 मैदान पर आयोजित जनसभा स्थल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने दानवीर भामाशाह को श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र व समाज के लिए उनके योगदान को याद किया। मंच पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने उनका स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 136.15 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिनमें मुरादाबाद नगर, कुंदरकी और देहात विधानसभा क्षेत्रों की विकास योजनाएं शामिल हैं। वहीं 229.35 करोड़ रुपये की 37 नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी गई।

नगर क्षेत्र में तैयार प्रमुख परियोजनाओं में वॉर मेमोरियल, श्रीराम वाटिका और खेल पार्क के साथ-साथ 1000 सीटों वाला आधुनिक ऑडिटोरियम, इंडोर स्टेडियम और दिव्यांगजन के लिए डिजिटल लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं जनता को समर्पित की गईं।

कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 18 परियोजनाएं शामिल हैं, जबकि मुरादाबाद नगर में 11 और देहात क्षेत्र में 8 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है।