तितावी (मुजफ्फरनगर)। लगातार शिकायतों और कथित ब्लैकमेलिंग से मानसिक दबाव में चल रहे बिजली विभाग के एसएसओ शुभम कुमार (28) ने शनिवार रात आत्मघाती कदम उठा लिया। मुकुंदपुर बिजलीघर में तैनात शुभम ने ड्यूटी के दौरान खुद को कमरे में बंद कर तमंचे से गोली मार ली। इससे पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट लिखकर विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में साझा किया था।
सुसाइड नोट में शुभम ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी जाति को लेकर सवाल उठा रहे थे और अनुसूचित जाति के आरक्षण का गलत लाभ लेने का आरोप लगाकर उन्हें लगातार धमकाया और परेशान किया जा रहा था। उन्होंने मानसिक उत्पीड़न का जिक्र करते हुए खुद को बेहद तनाव में बताया।
नई मंडी थाना क्षेत्र के नसीरपुर निवासी शुभम शनिवार रात अपनी निर्धारित ड्यूटी पर बिजलीघर पहुंचे थे। रात करीब साढ़े बारह बजे विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित हाथ से लिखा सुसाइड नोट पोस्ट होते ही कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सहकर्मियों ने तुरंत एक-दूसरे से संपर्क किया और स्थिति की जानकारी दी।
करीब एक बजे बघरा क्षेत्र के जेई सुनील साहू को मामले की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस और बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। बिजलीघर के एक कमरे के बाहर फर्श पर चाबी पड़ी मिली। दरवाजा खोलने पर अंदर शुभम का शव पड़ा था। पास ही उनका मोबाइल फोन और तमंचा भी मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना से बिजली विभाग के कर्मचारियों में शोक और स्तब्धता का माहौल है।