मुजफ्फरनगर जिले के जानसठ क्षेत्र के गांव भलवा में हुए दिल दहला देने वाले मामले में युवती की हत्या के आरोप में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतका प्रगति के भाई प्रदीप की शिकायत पर जानसठ कोतवाली में हत्या की धारा के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि युवती की हत्या के बाद आरोपी युवक ने खुद की जान ले ली।
घटना बृहस्पतिवार शाम की है। प्रदीप ने पुलिस को बताया कि पांच फरवरी को वह अपनी मां प्रभा के साथ खतौली में बहन की शादी के लिए कपड़े खरीदने गया था। उस समय घर पर उसकी पत्नी रीतू और छोटी बहन स्वाति मौजूद थीं, जबकि उसका छोटा भाई अभिषेक क्रिकेट खेलने गया हुआ था और पिता भूषण खेत पर थे।
इसी दौरान स्वाति ने फोन कर बताया कि कमरे के अंदर से बड़ी बहन की चीखें सुनाई दे रही हैं। जब वह कमरे के पास पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक खटखटाने पर युवक रोहित ने दरवाजा खोला और बाहर आते ही जमीन पर गिर पड़ा। उसके हाथ में चाकू था और उसने अपनी गर्दन पर वार कर लिया था।
कमरे के भीतर प्रगति खून से लथपथ पड़ी हुई थी, जिसकी गर्दन पर गंभीर चोट के निशान थे। कुछ ही देर में युवक की भी मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर प्रदीप अपनी मां के साथ घर पहुंचा।
परिजनों के अनुसार रोहित और प्रगति के बीच बातचीत होती थी। युवक उससे प्रेम और विवाह की बात करता था, जबकि युवती ने इससे साफ इनकार कर दिया था। पुलिस का मानना है कि इसी वजह से यह दर्दनाक घटना हुई।
सीओ जानसठ रुपाली राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है।