मुजफ्फरनगर। छपार स्थित ब्यूटी पार्लर में मेकअप करने आई दुल्हन का कार सवार आरोपियों ने अपहरण का प्रयास किया। यही नहीं विरोध करने पर उसकी भाभी से मारपीट व अभद्रता की। छपार पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फरार एक आरोपी की पुलिस तलाश में जुटी हुई है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की रविवार शाम को बारात आयी थी। दुल्हन अपनी भाभी के साथ कस्बे के मुख्य बाजार में ब्यूटी पार्लर में तैयार होने आई थी। तभी कार सवार चार आरोपी ब्यूटी पार्लर पर पहुंचे और दुल्हन के अपहरण का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी भाभी से मारपीट कर अभद्रता की। शोर शराबा होने पर आरोपी अपनी कार को छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना पर दुल्हन के परिजन भी मौके पर आ गए। कुछ समय पश्चात छपार पुलिस भी मौके पर आ गयी। इस संबंध में पुलिस ने उसकी भाभी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। छपार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी निखिल चौहान निवासी दुधार थाना कांधला शामली, शिवम उर्फ आदित्य निवासी गंगेरु थाना कांधला, अभिषेक निवासी मोहल्ला रामनगर कांधला शामली को गिरफ्तार कर लिया। फरार मुख्य आरोपी विशाल उर्फ आशु निवासी गांव रणथेडी थाना गंगोह सहारनपुर की पुलिस तलाश में जुटी हुई है।
थाना प्रभारी छपार विकास यादव ने बताया गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह अपने फरार साथी के साथ आए थे। उनका फरार साथी दुल्हन से मिलने के लिए आया था। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।