शुकतीर्थ में विकास कार्यों का कमिश्नर ने किया निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। शुकतीर्थ में पर्यटन विभाग द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का कमिश्नर अटल कुमार राय ने निरीक्षण किया। वहीं मुख्य गंगा घाट, टीएफएस सैन्टर, पार्किंग, घाट निर्माण, आदि के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा शुकतीर्थ विकास परिषद के तत्वावधान में पर्यटन विभाग गंगा घाट पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सहारनपुर कमिश्नर अटल कुमार राय शनिवार को धर्मनगरी शुकतीर्थ गंगा घाट पहुंचे। जहां पर गंगा घाट सहित कराए जा रहे विकास कार्यों का गहनता से निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से विकास कार्यों के की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल निगम सहायक अभियंता सहारनपुर रामवीर सिंह से निर्माण कार्य में लगाई जा रही सामग्री की गुणवत्ता व कार्यों की प्रगति के बारे में पूछा गया। जेई रामवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गंगा घाट पर 54 करोड़ 28 लाख के कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर के लिए 21 करोड़ 24 लाख, घाट नवीनीकरण को 19 करोड़ 90 लाख, पार्किंग जीर्णोद्धार के लिए 6 करोड़ 98 लाख रुपए, म्यूरल सायनेज कार्य के लिए 6 करोड़ 44 लाख रुपए आवंटित किए गए हैं। विकास कार्यों से गंगा घाट की सुंदरता और गुणवत्ता दोनों ही बढ़ाई जायेगी। समस्त विकास कार्यों को जनवरी 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इस मौके पर एमडीए उपाध्यक्ष कविता मीणा, सीडीओ संदीप भागिया, एडीएम वित्त गजेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी जानसठ सुबोध कुमार, नायब ब्रजेश सिंह, बीडीओ अक्सीर खान, कानूनगो ललित मोहन शर्मा, लेखपाल विकास धनगर आदि मौजूद रहे। वहीं कमिश्नर अटल कुमार राय ने शुकदेव आश्रम स्थित स्वामी कल्याणदेव महाराज की समाधि पर पुष्प अर्पित कर नमन किया तथा मंदिरों में दर्शन पूजा कर पीठाधीश्वर स्वामी ओमानन्द महाराज से आशीर्वाद ग्रहण किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here