मुजफ्फरनगर पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ककरौली थाना पुलिस की कार्रवाई में बिजनौर जिले के रहने वाले दोनों आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लाखों रुपये नकद, एटीएम कार्ड और लग्जरी वाहन समेत कई अहम सामान बरामद किए हैं।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए संदिग्ध, स्कूटी से मिला कैश
एसपी देहात अक्षय संजय महादिक के अनुसार, यह मामला 1 जून को उस समय सामने आया जब ककरौली थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार दो युवक संदिग्ध स्थिति में दिखाई दिए।

कागजात मांगने पर जब वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, तो पुलिस ने स्कूटी की डिग्गी की तलाशी ली। वहां से एक बैग में रखे 6 लाख 13 हजार 70 रुपये नकद और 8 एटीएम कार्ड बरामद हुए।
पूछताछ में खुला ठगी का पूरा नेटवर्क
हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को पैसे दोगुना करने का लालच देकर क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर रकम हड़प लेते थे। इसके अलावा वे कई ग्रामीणों के एटीएम कार्ड और पिन का इस्तेमाल कर बिना जानकारी के पैसे निकाल लेते थे।
छापेमारी में मिले हाई-टेक उपकरण और लग्जरी कारें
आगे की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद हुए। इनमें एचपी लैपटॉप, एटीएम स्वाइप मशीन, बायोमेट्रिक डिवाइस, गूगल पे स्कैनर, नोट गिनने की मशीन, विभिन्न बैंकों की चेकबुक और पासबुक, तीन मोबाइल फोन शामिल हैं।
इसके अलावा मारुति फ्रॉन्क्स और हुंडई वेन्यू जैसी दो लग्जरी कारें भी बरामद की गईं, जिनका इस्तेमाल ठगी की गतिविधियों में होने की आशंका है।
बिजनौर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिजनौर जिले के शाहअलीपुर कोटरा निवासी सुलेमान और नजीबाबाद निवासी दानिश के रूप में हुई है। दोनों से जुड़े नेटवर्क और बैंकिंग ट्रांजैक्शन की गहन जांच की जा रही है, ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और पीड़ितों का पता लगाया जा सके।