मुजफ्फरनगर में सूचना विभाग की ओर से आयोजित चार दिवसीय विकास चित्र प्रदर्शनी का बुधवार को भव्य शुभारंभ किया गया। यह प्रदर्शनी केंद्र सरकार के 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर लगाई गई है।
प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र स्थित मानेकशॉ सभागार में फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

17 से 20 जून तक चलेगी प्रदर्शनी
17 जून से 20 जून तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों, विकास कार्यों और उपलब्धियों को चित्रों और फोटोग्राफ्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
उद्घाटन के बाद मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और वहां मौजूद लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
योजनाओं और विकास कार्यों पर प्रकाश
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्यघर, पीएम विश्वकर्मा योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं ने समाज के बड़े वर्ग को लाभ पहुंचाया है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना, अभ्युदय योजना, कृषक दुर्घटना सहायता योजना और पेंशन योजनाओं से लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।

इसके साथ ही उन्होंने राज्य में एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, फोरलेन सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया।
जनता से भागीदारी की अपील
मंत्री ने नागरिकों से अधिक संख्या में प्रदर्शनी देखने की अपील की, ताकि वे सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त कर सकें। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इससे पहले अधिकारियों ने मंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया।