मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के बागोवाली पुलिस चौकी के पास करीब 1:30 बजे हुई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नसीरपुर गांव निवासी पंकज पाल पुत्र करण पाल के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पंकज पाल अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी हाईवे पर पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पंकज सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां कोहराम मच गया।

नई मंडी कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्र ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार वाहन और चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।