मुजफ्फरनगर के प्रेमपुरी इलाके में मंगलवार देर रात जैन औषधालय के पास एक बिजली के खंभे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे खंभे और उस पर लगे बिजली के केबलों को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद तेज लपटें और धुआं काफी दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के तुरंत बाद प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी।


सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

यह घटना डॉक्टर हरेंद्र जैन के क्लीनिक के पास हुई, जहां मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दी। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

गर्मी और ओवरलोड से बढ़ रही घटनाएं

स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और बढ़ते बिजली लोड के कारण इन दिनों ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। ओवरलोडिंग की वजह से कभी केबल, तो कभी ट्रांसफार्मर और बिजली के खंभों में आग लगने की घटनाएं बढ़ी हैं।


लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि पुराने और जर्जर बिजली उपकरणों की समय-समय पर जांच कर उन्हें बदला जाए, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।