मुजफ्फरनगर। मंगलवार दोपहर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बंदरों का एक झुंड अचानक वहां घुस आया और करीब एक घंटे तक उत्पात मचाता रहा। इस दौरान परिसर में मौजूद फरियादी और पुलिसकर्मी अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग एक बजे बंदरों का झुंड अचानक परिसर में दाखिल हुआ। उनके प्रवेश करते ही पूरे दफ्तर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बंदरों ने पहले परिसर में लगे पेड़ों पर कब्जा किया और फिर वहां मौजूद लोगों के बीच पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई बंदर आक्रामक हो गए और उन्होंने लोगों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया। कुछ बंदरों ने पुलिसकर्मियों का भी पीछा किया, जिससे कार्यालय में कामकाज प्रभावित हो गया। इस दौरान फरियादी और कर्मचारी खुद को सुरक्षित बचाने के लिए अलग-अलग जगहों पर छिपते रहे।
करीब एक घंटे तक चले इस हंगामे के बाद बंदरों का झुंड परिसर से बाहर निकला, तब जाकर स्थिति सामान्य हो सकी। हालांकि इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुजफ्फरनगर में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले भी कुछ दिन पहले मिर्ज़ा टिल्ला गांव में बंदरों के हमले में एक मासूम बच्चे सहित चार लोग घायल हो चुके हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर और आसपास के इलाकों में बंदरों और आवारा जानवरों के बढ़ते खतरे को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।