मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती की लिखित परीक्षा सोमवार सुबह कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हो गई। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।
जिले में 8, 9 और 10 जून को यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले उम्मीदवारों की पहचान की सख्त जांच की जा रही है। इसके साथ ही सेक्टर और जोनल स्तर पर अधिकारियों की तैनाती कर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

इससे पहले वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सुबह-सुबह स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण किया, जहां प्रश्नपत्र सुरक्षित रखे गए हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी मॉनिटरिंग, सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश नियंत्रण प्रणाली की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि परीक्षा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि या गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रखा गया है और लगातार निगरानी जारी है।