मुजफ्फरनगर। राजस्थान के जालौर में हुई कक्षा 3 के छात्र की निर्मम हत्या से लोगों में रोष बढ़ता ही जा रहा है। इस घटना को लेकर लगातार दलित समाज के संगठनों में उबाल है और लगातार राजस्थान सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। यह मामला बीते 14 दिन पहले का है। राजस्थान के जालौर में कक्षा 3 के छात्र को शिक्षक ने पानी के मटके को छूने की वजह से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले ने तूल पकड़ा और दलित सामाजिक संगठनों ने किसको राजस्थान सरकार की नाकामी के रूप में देखा। उसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट कंपाउंड स्थित राजस्थान के जालौर में हुई घटना की निंदा करते हुए सफाई कर्मचारी संघ नगर पालिका बीजेपी अनुसूचित मोर्चा और भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के लोगों ने मुजफ्फरनगर कचहरी परिसर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और सभी संगठनों ने अपनी ओर से एक ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को सौंपा। जिसमें उन्होंने राजस्थान सरकार को अविलंब बर्खास्त करने की मांग की और आरोपी शिक्षक पर कठोरतम कार्यवाही करते हुए मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चला कर 3 महीने के अवधि में सजा दिलाने की मांग की। इसके साथ ही दलित समाज के संगठनों में पीड़ित परिवार को एक करोड़ रु की सहायता राशि व पीड़ित परिवार को वन क्लास नौकरी की भी मांग की। दलित समाज के गणमान्य लोगों ने कहा कि आज भारत को आजाद हुए 75 वर्ष हो चुके हैं लेकिन भारत अभी भी जातियों से आजाद नहीं हुआ है। समाज के लोगों ने आरोपी शिक्षक को फांसी देने की मांग की है।