मुजफ्फरनगर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के वर्ष 2026-27 के वार्षिक चुनाव को लेकर सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। पैंथम हॉल में सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चले नामांकन में अध्यक्ष, महासचिव समेत कुल नौ पदों के लिए 73 अधिवक्ताओं ने अपने पर्चे दाखिल किए। इस बार चुनावी मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है, क्योंकि प्रमुख पदों पर चार अलग-अलग पैनल मैदान में उतर चुके हैं।

अध्यक्ष, महासचिव और वरिष्ठतम उपाध्यक्ष पद के लिए पांच-पांच उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की है, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर छह अधिवक्ता चुनाव लड़ रहे हैं। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि मंगलवार दोपहर एक बजे तक तय की गई है। इसके बाद 13 फरवरी को सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मतदान होगा। मतगणना 14 फरवरी को सुबह आठ बजे से कराई जाएगी।

नामांकन की पूरी प्रक्रिया मुख्य चुनाव अधिकारी उदयवीर सिंह पोरिया एडवोकेट और उनकी टीम की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव अधिकारियों में ललित कुमार शर्मा, रमेशचंद गोयल, ज्ञानेन्द्र कुमार त्यागी, रियाज हसन राठी, धर्मेंद्र कुमार पुंडीर, सर्वसिंह, कैलाशचंद, मनोज सौदाई और रातेश्वर तोमर एडवोकेट शामिल रहे। एल्डर कमेटी के अध्यक्ष आनंद प्रकाश त्यागी तथा वरिष्ठ सदस्यों की भी मौजूदगी रही। शांतिपूर्ण नामांकन प्रक्रिया के लिए अधिवक्ताओं ने चुनाव अधिकारियों का आभार जताया।

इस चुनाव में कुल 23 पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा। अध्यक्ष, महासचिव, वरिष्ठतम उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष के एक-एक पद के अलावा उपाध्यक्ष के दो, सहसचिव के तीन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के छह और कनिष्ठ सदस्य के छह पदों पर प्रतिनिधि चुने जाएंगे।

प्रमुख पदों पर उम्मीदवारों की स्थिति

  • अध्यक्ष पद: अनिल जिंदल, अर्जुन सिंह, प्रमोद त्यागी, मोहम्मद अंजुम खान, सुरेंद्रपाल मैनवाल

  • महासचिव पद: जितेंद्र कुमार, नवाब अली चौधरी, प्रदीप कुमार मलिक, विकास त्यागी, सुरेंद्र कुमार मलिक

  • वरिष्ठतम उपाध्यक्ष: ईश्वरचंद त्यागी, चंद्रवीर चौधरी, धर्मेंद्र कुमार पुंडीर, नरेंद्र सिंह, स्वर्ण सिंह

  • कोषाध्यक्ष: अबरार अहमद, अमित कुमार जैन, नीशुकांत शर्मा, मुनब्बर हुसैन, सुधीर कुमार चौहान, सुभाष चंद

अन्य पदों पर भी बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने नामांकन किया है, जिससे इस बार बार एसोसिएशन का चुनाव कड़ा और दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।