मुजफ्फरनगर। ककरौली क्षेत्र के खेड़ी फिरोजाबाद गांव में रविवार दोपहर को 10 साल के अबूजर की मौत हो गई, जब वह पतंग पकड़ने के चक्कर में अपने घर की छत से बाथरूम की छत पर कूद गया। छलांग लगते ही बाथरूम की छत टूट गई और मलबा सीधे बच्चे के ऊपर गिर गया। गंभीर चोटों के कारण उसे उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि घटना के समय गांव के अन्य बच्चे भी अपनी छतों पर पतंगबाजी कर रहे थे। अचानक कटकर आई पतंग को पकड़ने के प्रयास में अबूजर ने अपने मकान की छत से नीचे बने बाथरूम की कमजोर छत पर छलांग लगा दी। छत टूटने से अबूजर मलबे के नीचे दब गया और सिर में गंभीर चोटें आईं।

अबूजर तीसरी कक्षा का छात्र था। उसकी अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पिता वाजिद, मां अफरोज और बहनें आफिया और सफिया रो-रोकर बेहाल थीं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना है और वे इस मामले में कोई आगे की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते।