मीरापुर। गांव सिकरेड़ा निवासी प्रवेश उर्फ तोल्ला (45) की शनिवार रात एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सब्जी बेचने के लिए घोड़ा तांगा लेकर घूमने वाले प्रवेश को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद घोड़ा तांगा पलट गया और प्रवेश उसके नीचे दब गया। दुर्भाग्यवश रात भर कोई उस मार्ग से नहीं गुजरा, जिससे वह पूरी रात तांगे के नीचे दबा रहा और उसकी मृत्यु हो गई।

जानकारी के अनुसार, प्रवेश शनिवार को मोरना क्षेत्र में सब्जी बेचने गया था। शाम को सब्जी बेचकर वह कासमपुर-खोला मार्ग से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में गांव रुमालपुरी के पास जंगल क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारी, जिससे तांगा पलट गया और प्रवेश दब गया।

परिजन रात भर उसकी तलाश में लगे रहे। सुबह मार्ग से गुजर रहे लोगों ने उसे तांगे के नीचे पड़ा देखा और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना पुलिस ने बताया कि अभी तक परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।