मुजफ्फरनगर। भारत-पाकिस्तान के बीच खेले गए टी20 मुकाबले ने जिले भर के क्रिकेट प्रेमियों को उत्साह से भर दिया। जैसे ही मैच शुरू हुआ, लोग मोबाइल और टीवी स्क्रीन से चिपक गए। गांवों से लेकर शहरों तक मैच का रोमांच हर जगह देखा गया।

शहर और गांव में जश्न का माहौल

शहर के शिव चौक पर देर रात तक जश्न चलता रहा। क्रिकेट प्रेमियों ने तिरंगा लहराते हुए टीम इंडिया की 61 रन से जीत का जश्न मनाया। बाजार, दुकाने और अन्य सार्वजनिक स्थान क्रिकेट की गूंज से गूंज उठे।

खिलाड़ियों का जलवा

अभिषेक शर्मा के जल्दी आउट होने से दर्शकों में थोड़ी निराशा छाई, लेकिन ईशान किशन की तूफानी पारी ने माहौल बदल दिया। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने बेहतरीन खेल दिखाया। गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लेकर भारत की जीत की राह आसान कर दी।

चीनी मिल में भी क्रिकेट का जादू

खतौली की एक चीनी मिल में कर्मचारी और गन्ना लाने आए किसान मैच का मज़ा लेते नजर आए। मिल भवन में लगी स्क्रीन और मोबाइल पर हर कोई मैच के हर पल पर नजर बनाए रखे हुए था।

यादगार पारी

मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोज पुंडीर ने कहा कि भारत की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने विशेष रूप से ईशान किशन की पारी को यादगार बताया और कहा कि यह खेल लंबे समय तक याद रखा जाएगा।