मुजफ्फरनगर में सिटी सेंटर के पास शुक्रवार को बीच सड़क पर एक युवती द्वारा ई-रिक्शा चालक की पिटाई करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि युवती लगातार ई-रिक्शा चालक को थप्पड़ मार रही है, जबकि आसपास मौजूद लोग मौके पर खड़े होकर घटना को देखते रहे। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत करने की कोशिश भी की, लेकिन युवती काफी गुस्से में नजर आई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती ई-रिक्शा में सवार होकर कहीं जा रही थी, इसी दौरान चालक पर उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगा। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवती ने बीच सड़क पर चालक को पीटना शुरू कर दिया।

घटना का वीडियो किसी राहगीर द्वारा मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

फिलहाल मामला पुलिस के संज्ञान में है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विवाद की असल वजह क्या थी।