मुजफ्फरनगर में एक फूड व्लॉगिंग वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में नॉनवेज होटल का रिव्यू करते समय शिव चौक स्थित भगवान शिव मंदिर और उस पर लगे तिरंगे का दृश्य भी दिखाया गया था, जिस पर कुछ संगठनों ने आपत्ति जताई।
यह मामला मुजफ्फरनगर निवासी अनस नाम के फूड व्लॉगर से जुड़ा है, जो यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिव्यू वीडियो बनाता है। वायरल वीडियो में वह अल यामीन होटल का फूड रिव्यू करते हुए नजर आता है, जिसकी शुरुआत शिव चौक क्षेत्र से की गई थी। इसी दौरान मंदिर और तिरंगे का दृश्य भी वीडियो में शामिल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ताओं ने इसे लेकर कड़ी नाराजगी जताई। जिला स्तर के पदाधिकारियों सहित कई लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताते हुए विरोध दर्ज कराया और कार्रवाई की मांग की। कुछ राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी इस पर आपत्ति जताई।

विवाद बढ़ने के बाद व्लॉगर अनस ने एक वीडियो जारी कर सफाई दी। उसने कहा कि उसका उद्देश्य किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को आहत करना नहीं था। उसके अनुसार मंदिर पर लगे तिरंगे और दृश्य की सुंदरता को देखते हुए वह फुटेज वीडियो में शामिल हो गया। उसने इस घटना के लिए खेद जताते हुए सभी से माफी भी मांगी।
इधर मुजफ्फरनगर पुलिस ने भी मामले को लेकर बयान जारी किया है। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर कई तरह की भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं। संबंधित युवक ने पहले ही माफी मांग ली है और स्थिति स्पष्ट कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि के किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।
फिलहाल विवादित वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है और प्रशासन की ओर से मामले को शांत करने की कोशिश की जा रही है।