मुजफ्फरनगर में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई है।

यह बैठक शुक्रवार दोपहर 3 बजे विकास भवन में आयोजित की जाएगी, जिसमें पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के डायरेक्टर कमर्शियल एन.के. मिश्रा, मुख्य अभियंता विनोद गुप्ता, अधीक्षण अभियंता समेत जिले के सभी अधिशासी अभियंताओं की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।

पिछले कई दिनों से मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित चल रही है। लगातार ट्रिपिंग, लंबे समय तक बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या से आम लोग परेशान हैं। भीषण गर्मी के चलते स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है, जिससे जनता में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।


स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक से बातचीत की और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

प्रस्तावित बैठक में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इनमें फॉल्ट सुधार की समयसीमा कम करना, जर्जर विद्युत लाइनों को बदलना, ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाना और अनियमित बिजली कटौती पर रोक जैसे विषय शामिल रहेंगे।