मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के हरसोली गांव में मंगलवार देर शाम शिव मंदिर में हुए विवाद ने गांव का माहौल तनावपूर्ण कर दिया। आरोप है कि गांव के पूर्व प्रधान ने अपने साथियों के साथ मंदिर पहुंचकर महंत के साथ मारपीट की और परिसर में तोड़फोड़ की। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसकी फुटेज सोशल मीडिया पर भी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर रोड स्थित हरसोली गांव के शिव मंदिर का हाल ही में जीर्णोद्धार हुआ था। 16 जनवरी को यहां प्राण प्रतिष्ठा, जागरण और भंडारे का आयोजन किया गया था। बताया जा रहा है कि मंदिर के प्रबंधन और नियंत्रण को लेकर पूर्व प्रधान पक्ष और अन्य लोगों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
मंगलवार को आरती संपन्न होने के बाद श्रद्धालु अपने घर लौट चुके थे। इसी बीच पूर्व प्रधान कुछ लोगों के साथ मंदिर पहुंचे। महंत का आरोप है कि आरोपित नशे की हालत में थे और मंदिर में घुसते ही उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर महंत के साथ हाथापाई की गई। साथ ही मंदिर परिसर में रखी नंदी महाराज की प्रतिमा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना के बाद महंत ने थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है।