मुजफ्फरनगर: रामलीला टिल्ला क्षेत्र में नाला निर्माण के चलते सड़क की खुदाई और अधूरे काम ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मुख्य मार्ग की खराब हालत और लंबे समय से रुके पड़े नाले के निर्माण को लेकर मंगलवार शाम क्षेत्रवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
वार्ड-12 के सभासद अर्जुन कुमार के नेतृत्व में करीब 7 बजे बड़ी संख्या में महिला और पुरुष रामलीला टिल्ला गेट पर एकत्र हुए। यहां लोगों ने सीएनडीएस यूपी जल निगम, सहारनपुर/मुजफ्फरनगर की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सड़क को नाले के निर्माण के लिए खोदा गया था, लेकिन कई महीनों बाद भी इसे दोबारा ठीक नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि खराब सड़क के कारण रोजाना राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। धूल उड़ने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा भी बढ़ गया है, जबकि अधूरे नाले में जमा गंदे पानी से बदबू और संक्रमण का खतरा बना हुआ है।

निवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला, जबकि जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं हुआ। सभासद अर्जुन कुमार ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी को भी लिखित शिकायत भेजी है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि टूटी सड़क का तुरंत निर्माण कराया जाए, अधूरे नाले का काम पूरा किया जाए और क्षेत्र में साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग उठाई गई। लोगों ने प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि समाधान नहीं होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस प्रदर्शन में नरेश प्रजापति, मामचंद खटीक, डॉ. संजीव सैनी, रमाकांत शर्मा, डॉ. सुभाष शर्मा, छोटा कश्यप, मोहित कल्याणी, रितेश डेरी, रामकली, गीता रानी, संतोष प्रजापति, पूनम, रेखा, सुमन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।