राजस्थान के बालोतरा जिले में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पचपदरा थाना क्षेत्र के भाडियावास गांव के पास हुआ, जहां अजमेर दरगाह से जियारत कर लौट रहा एक परिवार दुर्घटना का शिकार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, चौहटन क्षेत्र के रहने वाले परिवार के लोग बोलेरो वाहन से अजमेर शरीफ से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भाडियावास के पास अचानक वाहन का टायर फट गया। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बोलेरो कई बार पलटते हुए सड़क से करीब दस फीट नीचे जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पचपदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई अमराराम के नेतृत्व में पुलिस टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तुरंत बालोतरा के नाहटा जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जोधपुर रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। हादसे में कुल चार लोगों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान रहमत पत्नी नूर मोहम्मद, अरशद पुत्र नूर मोहम्मद, कादर खान पुत्र इनायत निवासी कोनरा विलायतशाह, चौहटन और हबीब खान के रूप में हुई है। मां-बेटे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक का माहौल फैल गया।