कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार दिल्ली दौरे पर जा रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह गुरुवार शाम राजधानी दिल्ली के लिए रवाना हो सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, इस दौरे का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करना है। माना जा रहा है कि बैठक में पश्चिम बंगाल में हाल ही में बनी भाजपा सरकार के बाद संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और उससे जुड़े अहम राजनीतिक फैसलों पर चर्चा हो सकती है।

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर मंथन

जानकारी के अनुसार, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य के भी गुरुवार को दिल्ली पहुंचने की संभावना है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इसी दौरान शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के बाद राज्य मंत्रिमंडल विस्तार को अंतिम मंजूरी मिल सकती है।

सूत्र बताते हैं कि मंत्रिमंडल विस्तार की रूपरेखा लगभग तैयार हो चुकी है और संभावित मंत्रियों की सूची पर भी काफी हद तक सहमति बन चुकी है। अब केवल केंद्रीय नेतृत्व की अंतिम मुहर का इंतजार है।

मायापुर में भी कार्यक्रम

दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री गुरुवार सुबह नदिया जिले के मायापुर जाएंगे, जहां इस्कॉन का वैश्विक मुख्यालय स्थित है। वहां वे गो-पूजन सहित धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे और साधु-संतों से मुलाकात करेंगे।

मायापुर से लौटने के बाद उनका दिल्ली के लिए प्रस्थान तय है, जहां वह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण राजनीतिक बैठकें कर सकते हैं।