मुजफ्फरनगर। खतौली थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात करीब 11 बजे वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और भैंस चोरी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना रामनगर तिराहे के पास उस समय हुई जब पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।
चेकिंग के दौरान भागा संदिग्ध वाहन
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान एक टाटा मैजिक वाहन को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन को तेज गति से खेतों की ओर मोड़ दिया और भागने की कोशिश की।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो वाहन में सवार आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक आरोपी के पैर में लग गई, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घायल आरोपी की पहचान मेरठ निवासी के रूप में
घायल आरोपी की पहचान मेरठ के सरधना क्षेत्र निवासी उस्मान पुत्र इसरार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, 97,500 रुपये नकद और चोरी में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन बरामद किया है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भैंस चोरी की वारदात का खुलासा
सीओ खतौली रुपाली रॉय चौधरी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी उस्मान ने चार दिन पहले रसूलपुर गांव में हुई भैंस चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
जांच में सामने आया कि चोरी की गई भैंसों को इसी टाटा मैजिक वाहन में लादकर ले जाया गया था। आरोपी ने अपने फरार साथी फैजान और एक अन्य व्यक्ति नाफिज का नाम भी बताया है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, नाफिज गिरोह के लिए चोरी की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में भूमिका निभाता था।

घायल आरोपी उस्मान के खिलाफ लूट, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। फरार आरोपी फैजान की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं।