मुजफ्फरनगर। पुलिस ने जिले में अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलीपुर खुर्द क्षेत्र में छापा मारा, जहां मुर्गों की लड़ाई के जरिए सट्टा खेला जा रहा था। पुलिस की टीम को देखते ही सट्टेबाज मौके से भाग निकले और अपनी मोटरसाइकिलें छोड़कर फरार हो गए।
तितावी थाना पुलिस ने मौके से 11 मोटरसाइकिल और एक ई-रिक्शा जब्त किया और थाने ले जाकर सीज कर दिया। फरार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसएसपी संजय वर्मा और एसपी देहात आदित्य बंसल के नेतृत्व में यह कार्रवाई उस अभियान का हिस्सा है, जिसमें पुलिस पशुओं की लड़ाई और दौड़ पर सट्टेबाजी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा न जाए।