मुजफ्फरनगर। शुक्रवार को उत्तर रेलवे के आईजी पंकज गंगवार ने मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के मालखाने, अपराध रिकॉर्ड, अभिलेखों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का विस्तृत आकलन किया।

आईजी ने आरपीएफ कर्मियों के साथ बैठक कर स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेलवे परिसर में कैमरा या वीडियो बनाने वाले यात्रियों पर नजर रखी जाए, क्योंकि इससे सुरक्षा में खामी आ सकती है। इसके अलावा, चलती ट्रेनों में चढ़ने जैसी खतरनाक घटनाओं को रोकने के लिए यात्रियों को जागरूक करने और सख्ती बरतने के आदेश दिए गए।

आईजी गंगवार ने स्टेशन और आस-पास के क्षेत्रों में रात्रीकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश भी जारी किए, ताकि असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण रखा जा सके और यात्रियों को सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

आरपीएफ थाना प्रभारी विनित गौतम ने बताया कि आईजी के निर्देशों के अनुसार सुरक्षा सुधार के सभी पहलुओं पर जल्द ही अमल किया जाएगा।