मुजफ्फरनगर। विदेश में नौकरी और पढ़ाई का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चरथावल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि दोनों ने फर्जी दस्तावेज और नकली ऑफर लेटर दिखाकर एक युवक से 6 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।
अमेरिका भेजने के नाम पर ठगी का मामला
पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को नीतू (निवासी महाराल) ने थाना चरथावल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने उनके भाई संदीप पाल को अमेरिका भेजने का भरोसा दिलाया था।

विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने ‘अमेरिकन सेंटर फॉर एजुकेशन’ के नाम से कथित ऑफर लेटर और फर्जी हवाई टिकट उपलब्ध कराए और इसके बदले उनसे 6 लाख रुपये वसूल लिए।
जांच के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने 27 जून 2026 को आकाश धनगर (निवासी अमित विहार, कुकड़ा) और सागर (निवासी हरिपुर कुकड़ा, थाना नई मंडी) को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मुख्य आरोपी पर पहले से भी मामला दर्ज
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी आकाश धनगर के खिलाफ थाना नई मंडी में पहले से भी एक धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इसी तरह और कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।
पुलिस की अपील
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक यतेंद्र कुमार और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि विदेश भेजने के नाम पर किसी भी एजेंट को पैसे देने से पहले उसकी वैधता, लाइसेंस और दस्तावेजों की पूरी जांच अवश्य करें।