मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांधी कालोनी में रविवार शाम को छात्र कोचिंग सेंटर में पढ़ाई के दौरान दो छात्र समूहों के बीच विवाद हो गया। दोनों गुटों में तकरार के बाद पथराव शुरू हो गया और इसके बाद एक गुट के छात्र ने फायरिंग कर दी। गोली एक मकान के बाहर लगे बिजली मीटर में जा लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना गांधी कालोनी की गली नंबर 12 में हुई। वहां पढ़ाई करने आए छात्र आपस में किसी बात को लेकर बहस करने लगे, जो जल्दी ही हाथापाई और पथराव में बदल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हालांकि, फायरिंग के बाद दोनों गुट के छात्र मौके से फरार हो गए।

थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से छात्रों की पहचान कर रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।