नागल क्षेत्र के गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर गांव कोटा के पास 27 वर्षीय अशरफ घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। सिर से खून बह रहा था और वह बेहोश था। स्थानीय युवकों ने राहगीरों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया और परिजनों को सूचना दी।

इलाज के दौरान मौत

सीएचसी में चिकित्सकों ने अशरफ की स्थिति गंभीर बताई और उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन आगे उसे पीजीआई, चंडीगढ़ ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में हालत बिगड़ने पर मुलाना अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजन जताते हैं शक

अशरफ के परिजन इस मौत को संदिग्ध मान रहे हैं। उनका कहना है कि वह अपने पड़ोसी नफीस के साथ बाइक से गांव लौट रहा था, लेकिन नफीस संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहा। तीन महीने पहले अशरफ के जुड़वा बच्चे हुए थे और वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।

पुलिस को तहरीर नहीं मिली

सीओ देवबंद, अभितेष सिंह ने बताया कि मामले में कोई लिखित शिकायत थाने में दर्ज नहीं कराई गई। परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।