देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केंद्रीय बजट के माध्यम से उत्तराखंड में करीब 40 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव है, इसी कारण केंद्रीय बजट में राज्य के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने बताया कि यह बजट उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों के लिए संतुलित विकास और क्षेत्रीय प्रगति के नए अवसर लेकर आया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 16वें वित्त आयोग से उत्तराखंड को पहले की तुलना में लगभग 1800 करोड़ रुपये अधिक मिलने की उम्मीद है।

सीएम धामी के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग ट्रेल्स विकसित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे और गाइडों के कौशल को भी निखारा जाएगा। इसके अलावा बादाम और अखरोट जैसी पहाड़ी फसलों को बढ़ावा दिया जाएगा और स्थानीय उद्योगों को फिर से सक्रिय किया जाएगा, जिससे रोजगार और पर्यटन दोनों को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह बजट देश की भविष्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की सोच के साथ तैयार किया गया है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में आयुष एम्स की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया जाएगा।