मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने शहर में चल रहे अवैध गतिविधियों की जांच के तहत पचेंडा रोड स्थित “रोज इन ओयो होटल” में छापेमारी की। इस दौरान होटल में एक नाबालिग सहित चार युवतियां और चार युवक आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। गिरफ्तार युवकों में सरवट निवासी सलमान, नजीबाबाद (बिजनौर) निवासी अमन, तितावी के गांव अलीपुर निवासी दीपक और नगर के ब्रह्मपुरी निवासी दक्ष शामिल हैं।
पुलिस ने होटल संचालक राहुल और गौरव को भी हिरासत में लिया। इसके अलावा, तीसरे संचालक रवि और युवतियों को होटल भेजने वाले मुकेश के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार संचालकों और मुकेश पर युवाओं को गलत कार्य कराने और सार्वजनिक शांति भंग करने का आरोप लगाया गया है।
सीओ नई मंडी, राजू कुमार साव ने बताया कि पूरे शहर के अन्य होटलों और कैफे में भी पुलिस ने गुप्त जांच शुरू कर दी है। वांछित होटल संचालक और मुकेश की तलाश के लिए दबिश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की आशंका जताई जा रही है।